राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय प्रवास पर जबलपुर पहुंचीं, सर्किट हाउस में करेंगी रात्रि विश्राम

यश भारत, जबलपुर। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार शाम दो दिवसीय प्रवास पर जबलपुर पहुंचीं। भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से डुमना विमानतल पहुंचने पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
विमानतल से राष्ट्रपति कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच सीधे सर्किट हाउस क्रमांक-1 पहुंचीं, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरे मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अमला सुबह से ही व्यवस्थाओं में जुटा रहा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार 21 जून को सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद वे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में भी शिरकत करेंगी और विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगी।
राष्ट्रपति के प्रवास को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन, पुलिस और सेना के अधिकारियों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर शहरवासियों में भी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।







