रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को सीएम डॉ. मोहन यादव का गिफ्ट – हर बहना को मिलेंगे अतिरिक्त ₹250

जबलपुर, यश भारत।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए रक्षाबंधन पर विशेष सौगात की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा हर महीने मिलने वाली ₹1250 की राशि के साथ-साथ अगले महीने रक्षाबंधन के अवसर पर अतिरिक्त ₹250 शगुन के रूप में बहनों के खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को जबलपुर के बेलखेड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में मौजूद थे, जहाँ उन्होंने प्रदेश की 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के खातों में जून माह की ₹1551 करोड़ 44 लाख की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर की।
यह लाड़ली बहना योजना की 25वीं किस्त है, जिसके तहत प्रदेश की प्रत्येक पात्र महिला को प्रतिमाह ₹1250 की सीधी आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पेंशनधारियों के लिए भी बड़ी राहत की घोषणा करते हुए 341 करोड़ रुपए से अधिक की राशि उनके खातों में ट्रांसफर की।
डॉ. मोहन यादव ने कहा,
“लाड़ली बहनें केवल घर की नहीं, समाज और प्रदेश की शक्ति हैं। रक्षाबंधन पर हमारा यह छोटा-सा उपहार उनके प्रति स्नेह और सम्मान का प्रतीक है।”
मुख्यमंत्री की इस घोषणा से प्रदेशभर की लाड़ली बहनों में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई है।







