
यूक्रेन पर रूस के हमले का आज दूसरा दिन है। यूक्रेन की राजधानी कीव में शुक्रवार सुबह 3 धमाके सुने गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के पूरी सेना को युद्ध में उतारने का ऐलान किया है। उनकी सेना ने 30 रूसी टैंकों को तबाह करने का दावा किया है। सरकार ने 18 से 60 साल के पुरुषों के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि यूक्रेन ने अपने 10 हजार नागरिकों को मुकाबले के लिए राइफलें दी हैं।
शुक्रवार सुबह ही यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बयान भी जारी किया। उन्होंने कहा कि दुनिया ने हमें जंग में लड़ने के लिए अकेला छोड़ दिया है। उन्होंने देश छोड़कर जाने की खबरों का खंडन किया। बताया कि वे कीव में हैं और वहां रूसी सेना दाखिल हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि इन रूसियों का पहला टारगेट वही हैं और दूसरा टारगेट उनकी फैमिली है।
रूस और यूक्रेन युद्ध से जुड़े अहम अपडेट्स पढ़िए…
- रूसी हमले में अब तक 137 लोग मारे जा चुके हैं, वहीं 316 घायल हैं।
- अमेरिकी रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन पर रूस की तरफ से कुल 203 हमले किए गए जिनमें 160 हमले मिसाइलों से और 83 लैंड बेस्ड टारगेट हिट किए।
- यूक्रेन की रक्षा मंत्री ने दावा किया है कि यूक्रेनी फोर्सेस ने रूस के 7 एयरक्राफ्ट, 6 हेलिकॉप्टर, 30 टैंक तबाह कर दिए हैं।
- रूस की सेना यूक्रेन के शहर कोनोटोप को घेर लिया, बाकी फोर्सेस राजधानी कीव की तरफ बढ़ रही है।







