मोटर पंप चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्त में, चोरी के 4 पंप बरामद, बड़वारा पुलिस को मिली सफलता

कटनी, यशभारत। बड़वारा पुलिस ने खेतों से सबमर्सिबल मोटर पंप चोरी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी किए गए 4 सबमर्सिबल मोटर पंप बरामद किए हैं। बड़वारा थाना प्रभारी सुयश पांडे ने बताया कि विगत 25 सितंबर की रात ग्राम कांटी क्षेत्र में खेत से सबमर्सिबल मोटर पंप चोरी होने की शिकायत बड़वारा थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले में बड़वारा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मामले में राजेन्द्र उर्फ मंजल राठौर पिता जमुना प्रसाद राठौर निवासी कांटी तथा करन सिंह ठाकुर निवासी कांटी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर चोरी के 4 सबमर्सिबल मोटर पंप बरामद किए। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गयाए जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुयश पाण्डेय, एएसआई महेश प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक पवनराज, प्रधान आरक्षक नीलेश दुबे, आरक्षक गौरीशंकर राजपूत, आरक्षक बृजलाल प्रजापति एवं आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







