मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 मार्च को सागर में रानी अवंती बाई विवि सहित विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण

बुंदेली परंपरा से किया जाएगा मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत- विधायक शैलेंद्र जैन
सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 मार्च को सागर में रानी अवंती बाई विश्वविद्यालय के लोकार्पण समेत अन्य विकास कार्यक्रमों का भूमि पूजन करेंगे। विधायक शैलेंद्र जैन के निर्देशन में उनके आगमन पर बुंदेली परंपरा से भव्य स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस संबंध में तैयारी को लेकर कलेक्टर दीपक आर्य ने प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
विधायक श्री जैन ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि सागर में विश्वविद्यालय की वर्षों पुरानी मांग पूरी करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भूमि पूजन किया जाएगा। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सभी जिलेवासी व संपूर्ण बुंदेलखंड के व्यक्ति 13 मार्च को सागर आकर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत करें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रस्तावित सागर आगमन को लेकर कलेक्टर श्री दीपक आर्य ने विश्वविद्यालय सहित अन्य विकास कार्यों के भूमि पूजन कार्यक्रम के संबंध में आयोजित बैठक में अधिकारियों को कार्यक्रम में भव्यता प्रदान करने के लिए दायित्वो का पूर्ण निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में कलेक्टर श्री दीपक आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 मार्च को सर्वप्रथम हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां से कार्यक्रम स्थल पीटीसी मैदान पहुंचेंगे। जहां वे सागर में रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय और गुना एवं खरगोन में खुलने वाले विश्वविद्यालय सहित अन्य विकास कार्यों का वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से भूमि पूजन करेंगे।
इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर श्री चंद्रशेखर शुक्ला, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पीसी शर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती भव्या त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट श्रीमती जूही गर्ग, श्री गगन बिसेन सहित समस्त एसडीएम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।







