मध्य प्रदेशराज्य

मासूम की तलाश का खौफनाक अंत: जंगल में मिला 9 साल के बच्चे का क्षत-विक्षत शव, जांच पर उलझी खाकी!

सतना यश भारत । जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में 9 वर्षीय बालक के लापता होने का मामला दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। लगभग 24 घंटे से लापता मासूम का शव गांव से कुछ दूरी पर जंगल में क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। शव की हालत देखकर जहां वन विभाग ने प्रारंभिक तौर पर जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई है, वहीं परिजनों ने बच्चे के अपहरण के बाद हत्या किए जाने का संदेह व्यक्त किया है। पुलिस दोनों पहलुओं को आधार बनाकर जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, मझगवां थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव निवासी लल्लू यादव का 9 वर्षीय पुत्र नितिन यादव कक्षा पांचवीं का छात्र था। वह स्कूल से घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद वह बाहर लगे हैंडपंप पर हाथ-मुंह धोने गया, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश अभियान शुरू किया। गुरुवार सुबह चित्रकूट एसडीओपी राजेश सिंह बंजारे के निर्देशन में मझगवां पुलिस, डॉग स्क्वॉड, साइबर सेल, एसडीआरएफ, क्यूआरएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने आसपास के जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सघन खोजबीन की।

शाम के समय गांव से लगभग 500 मीटर दूर पहाड़ी से लगे जंगल में बच्चे का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति बेहद क्षत-विक्षत थी। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिस क्षेत्र से शव मिला है, वहां तेंदुए की गतिविधियां पहले भी देखी गई हैं। घटनास्थल और शव की स्थिति को देखते हुए जंगली जानवर के हमले की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, अंतिम निष्कर्ष पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही सामने आएगा।

उधर, परिजनों का कहना है कि बच्चे के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका है। उनका आरोप है कि मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जाए ताकि यदि किसी प्रकार की आपराधिक घटना हुई हो तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य प्रमाणों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button