माइनिंग कॉन्क्लेव: होटल अरिन्दम में टाइट सिक्योरिटी, चप्पे चप्पे पर ख़ाकी वर्दीधारी तैनात, चाक चौबंद व्यवस्थाएं

कटनी। माइनिंग कॉन्क्लेव को लेकर होटल अरिन्दम में चाक चौबंद व्यवस्थाएं की गई है। पुलिस के तगड़े इंतजाम किये गए हैं। चप्पे चप्पे पर खाकी वर्दीधारियों को तैनात किया गया है। होटल अरिन्दम की तरफ आने वाले रास्तों को ब्लाक कर दिया गया है। माधवनगर गेट से केवल अधिकृत लोगों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। होटल अरिन्दम के अंदर भी केवल उन्हीं लोगों को जाने दिया जा रहा है, जो या तो आमन्त्रित हैं या फिर व्यवस्थाओं में लगे हुए हैं। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अपर कलेक्टर साधना परस्ते, एडिशनल एसपी डॉ संतोष डेहरिया, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पचीसिया, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेन्द्र धार्वे, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा सहित एक सैकड़ा से अधिक अधिकारी और साढ़े 5 सौ से ज्यादा पुलिस कर्मचारियों द्वारा ड्यूटी दी जा रही है। एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि पुलिस के 550 अधिकारी कर्मचारी व जवान एवं बटालियन तैनात रही। हैलीपेड में थ्री लेयर व्यवस्था की गई थी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव व अन्य मंत्रियों व विशिष्टजनों के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया। माधवनगर गेट से विश्राम बाबा गेट तक का मार्ग नो.व्हीकल जोन रहेगा।
सीएम के जबलपुर आने की सूचना
माइनिंग कॉन्क्लेव में शामिल होने प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के 2 बजकर 40 मिनिट पर कटनी पहुंचने का कार्यक्रम है। सूचना मिली है कि मुख्यमंत्री जबलपुर पहुंच चुके है। जबलपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सीएम कटनी पहुंचेंगे। माइनिंग कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री का इंतजार हो रहा है। तब तक देशभर से आए उद्योगपति क्रमशः अपनी बात रखते जा रहे हैं।








