
महापौर जनसुनवाई में पहुंचे नागरिक
सड़क-नाली से अतिक्रमण तक उठे मुद्दे

महापौर ने अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश, आवेदनों की मॉनिटरिंग कर समय पर जवाब देने की हिदायत
कटनी, यशभारत। नगर निगम कार्यालय में आयोजित महापौर जनसुनवाई में शहर के अलग-अलग वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने स्थानीय समस्याओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। आवास, अतिक्रमण, सड़क, नाली, जल निकासी और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े आवेदन महापौर प्रीति सूरी के सामने रखे गए।
महापौर ने नागरिकों से सीधे संवाद कर समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सामने आए मामलों को लेकर उन्होंने अधिकारियों से सिर्फ कार्रवाई तक सीमित न रहने, बल्कि प्रत्येक आवेदन की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
महापौर ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्रवाई की जाए तथा संबंधित नागरिकों को प्रकरण की प्रगति और निराकरण की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए।
जनसुनवाई में नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।







