मरीजों की जान की सलामती के लिए सदैव तत्पर रहे एम्बुलेंस चालक की हादसे में गई जान, छपारा में बस ने मारी एम्बुलेंस में ठोकर, नागपुर में मरीज को शिफ्ट कराकर वापस लौटते समय दुर्घटना
मरीजों की जान की सलामती के लिए सदैव तत्पर रहे एम्बुलेंस चालक की हादसे में गई जान, छपारा में बस ने मारी एम्बुलेंस में ठोकर, नागपुर में मरीज को शिफ्ट कराकर वापस लौटते समय दुर्घटना

कटनी, यशभारत। मरीजों की जान की सलामती एवं उन्हें सही समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने के लिए सदैव तत्पर रहने वालेे एम्बुलेंस चालक किस्सू पुरवार को एक सडक़ दुर्घटना में खुद अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। सिवनी जिले के छपारा के पास बीती रात बस की ठोकर से आजाद चौक गाटरघाट निवासी एम्बुलेंस चालक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि एम्बुलेंस चालक किस्सू पुरवार नागपुर में मरीज को भर्ती कराने के बाद देर रात कटनी वापस लौट रहा था, तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रही बस ने एम्बुलेंस में सीधी ठोकर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को छपारा हॉस्पिटल में रखवाया और आज सुबह पोस्टमार्टम के पश्चात कटनी के लिए रवाना किया। जानकारी के मुताबिक आजाद चौक गाटरघाट निवासी किस्सू पुरवार पिछले कई सालों से भारत विकास परिषद की एम्बुलेंस चलाता था। कटनी से रिफर होने वाले मरीजों को जबलपुर और नागपुर के साथ ही अन्य शहरों में स्थित हॉस्पिटल में भर्ती कराता था। बताया जाता है कि शुक्रवार की दोपहर 12 बजे वह कटनी सेे मरीज को लेकर नागपुर गया था और नागपुर में भर्ती कराने के बाद रात करीब 10 बजे वापस लौट रहा था, तभी सिवनी जिले के छपारा के पास बस ने एम्बुलेंस में सीधी ठोकर मार दी। जिससे एम्बुलेंस चालक किस्सू पुरवार की मौके पर ही मौत हो गई। आज सुबह पीएम के बाद उसके शव को कटनी रवाना किया गया।

