भोपाल, यश भारत

साइबर ठगी के नेटवर्क पर मध्यप्रदेश पुलिस का शिकंजा, म्यूल बैंक खातों से लेकर निवेश ठगी तक कई जिलों में कार्रवाई
– बैंकिंग दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश में ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग जिलों में कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार पिछले दो दिनों में नरसिंहपुर, खरगोन, इंदौर और ग्वालियर में साइबर ठगी से जुड़े मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। कार्रवाई के दौरान बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, क्यूआर कोड, मोबाइल फोन और लैपटॉप सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
नरसिंहपुर में 25 लाख के लेन-देन की जांच
नरसिंहपुर पुलिस ने कथित म्यूल बैंक खातों के माध्यम से अनधिकृत लेन-देन करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में करीब 25 लाख रुपए के लेन-देन की जानकारी सामने आने का दावा किया गया है। यह लेन-देन कर्नाटक, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली से जुड़े होने की बात कही गई है। आरोपियों से दो मोबाइल, तीन पासबुक और चार एटीएम कार्ड जब्त किए गए।
खरगोन में निवेश के नाम पर ठगी
खरगोन पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को गुजरात से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क कर फर्जी एप्लीकेशन के जरिए शेयर ट्रेडिंग का झांसा दिया था। कार्रवाई में कथित ठगी की 10 लाख 95 हजार रुपए की राशि बरामद की गई।
इंदौर में 250 से ज्यादा खातों का नेटवर्क
इंदौर में ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत साइबर ठगी के लिए बैंक खातों की व्यवस्था करने वाले आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने साइबर ठगों के साथ 250 से अधिक बैंक खातों की जानकारी साझा की थी। इनके पास से 21 बैंक पासबुक, आठ एटीएम कार्ड, 20 चेकबुक, सात क्यूआर कोड और एक लैपटॉप बरामद किया गया।







