पुलिस कस्टडी में मौत पर बवाल:बेतिया में ग्रामीणों ने थाना फूंका, पुलिसवालों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; DJ बजाने से शुरू हुआ था विवाद

बिहार के बेतिया में पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की मौत के बाद जमकर उपद्रव हुआ। आक्रोशित लोगों ने थाना फूंक दिया। पुलिस वाहनों में आग लगा दी और पुलिस कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस कर्मी जान बचाने के लिए थाना छोड़कर खेतों में दौड़ लगा दी। थाने में तीन घंटे तक उपद्रव चलता रहा, लेकिन पुलिस का कोई भी सीनियर अफसर नहीं पहुंचा।
दरअसल, शनिवार दोपहर पुलिस ने एक व्यक्ति को गश्ती के दौरान डीजे बजाने पर थाने ले आई। पुलिस कस्टडी में ही युवक की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने युवक को बट से पीटा, इसकी वजह से उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों के साथ हजारों की संख्या में ग्रामीणों ने बलथर थाना घेर लिया।
थाने में तोड़फोड़ के बाद पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। थाने के 3 गाड़ियों को ग्रामीणों ने आग के हवाले कर दिया। वहीं, बलथर चौक पर एक पुलिस जीप में भी तोड़फोड़ कर दी। थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों को पीटना शुरू कर दी। पुलिस जान बचाकर खेतों में दौड़ लगा दी। पीछे से उग्र भीड़ पत्थर फेंकती रही।
होली पर बजा रहा था डीजे
परिजनों ने बताया कि शनिवार के दिन बलथर पुलिस गश्ती में आई थी। यहां अनुरूद्ध यादव बलथर गांव में डीजे बजा रहे थे। पुलिस डीजे को जब्त कर अनुरूद्ध को गिरफ्तार कर कर थाने ले आई और जमकर थाने में पिटाई कर दी। पुलिस को बट से पीटा। पिटाई के बाद अनुरूद्ध की मौत हो गई।