बारिश का कहर, नागौद में एक दिन में 6.4 इंच पानी : नदी-नाले उफान पर, कई इलाकों में जलभराव; अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट…. देखें पूरा वीडियो

सतना यस भारत। जिले में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में हुई बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। नागौद तहसील में 6.4 इंच बारिश दर्ज की गई, जो इस मानसून सीजन में अब तक जिले में एक दिन में हुई सर्वाधिक वर्षा बताई जा रही है। तेज बारिश के चलते कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया, जबकि नदी-नालों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है।
जिले में 1 जून से 21 अगस्त तक औसतन 32.2 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह सामान्य बारिश की तुलना में करीब 5 इंच अधिक है। अगस्त माह में लगातार सक्रिय रहे मानसूनी सिस्टम के कारण बारिश का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है।
सोहावल में 5.2 इंच बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान नागौद के अलावा सोहावल में 5.2 इंच, मझगवां में 4.2 इंच, जसो में 4.1 इंच, रामपुर बाघेलान में 2.8 इंच, रघुराजनगर में 1.6 इंच, उचेहरा में 1.2 इंच और बिरसिंहपुर में 0.2 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। तहसीलवार आंकड़ों में मझगवां अब तक सबसे अधिक बारिश वाले क्षेत्रों में शामिल है।
नदी-नाले उफान पर, कई जगह जलभराव
लगातार बारिश के कारण जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सड़कें पानी से लबालब नजर आईं। शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर के समय करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई।
अगस्त में बढ़ा बारिश का आंकड़ा
जून और जुलाई में जिले में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई थी, लेकिन अगस्त में सक्रिय हुए दो मानसूनी सिस्टमों के चलते बारिश की रफ्तार बढ़ गई। 21 अगस्त तक जिले में सामान्य बारिश का 80 प्रतिशत से अधिक पानी बरस चुका है। लगातार हो रही बारिश के कारण जलाशयों, नदी-नालों और छोटे जलस्रोतों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हुई है।
दो दिन भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को सतना सहित विंध्य क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में प्रशासन और स्थानीय लोगों को नदी-नालों एवं निचले इलाकों से दूरी बनाए रखने की जरूरत है। मौसम की स्थिति को देखते हुए आगामी दिनों में जिले में बारिश का दौर और तेज होने की संभावना बनी हुई है।







