कटनी

बाघ के मूवमेंट से ग्रामीणों में दहशत, सडक़ में घूमते दिखा, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, सतर्क रहने की अपील

कटनी, यशभारत। बरही वन परिक्षेत्र के अंतर्गत केवलारी गांव में सडक़ किनारे अचानक एक वयस्क बाघ दिखने से यहां दहशत का माहौल बन गया है। सडक़ किनारे मौजूद बाघ का एक वीडियो सामने आने के बाद आसपास के गांवों में हडक़ंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला तुरंत हरकत में आया और प्रभावित क्षेत्र में सर्चिंग तथा गश्त तेज कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार केवलारी मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने बाघ को सडक़ के बिल्कुल किनारे शांति से खड़ा और फिर झाडिय़ों की ओर बढ़ते देखा। कुछ लोगों ने दूर से ही अपने मोबाइल में बाघ का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। विदित हो कि बरही रेंज में बाघ की यह पहली दस्तक नहीं है। इससे ठीक चार दिन पूर्व बीते 5 सितंबर को समीपी बरमानी गांव में भी बाघ की मौजूदगी दर्ज की गई थी। वहां स्थानीय किसान मनीष यादव के खेत और उसके आसपास के कृषि क्षेत्रों में बाघ को चहलकदमी करते देखा गया था, जिसका वीडियो भी सामने आया था। लगातार चार दिनों के भीतर केवलारी और बरमानी क्षेत्र में बाघ की मूवमेंट मिलने से किसानों के लिए खेतों में काम करना और रात के समय आवाजाही करना जोखिम भरा साबित हो रहा है।
वन विभाग अलर्ट, जंगलों की ओर लौटा बाघ
वीडियो सामने आने और ग्रामीणों की सूचना के बाद वन परिक्षेत्र अधिकारी व उनकी टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बाघ की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। बाघ की हर संभावित लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है। राहत की बात यह है कि ताजा अपडेट के अनुसार बाघ फिलहाल आबादी वाले क्षेत्र से निकलकर घने जंगलों की तरफ चला गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से वन विभाग ने केवलारी, बरमानी और आसपास के ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने लोगों को हिदायत दी है कि रात या अलसुबह के समय अकेले खेतों या जंगल से सटे रास्तों पर न जाएं। समूह में निकलें और अपने साथ लाठी.डंडे रखें तथा रोशनी के लिए टॉर्च का इस्तेमाल करें। किसी भी स्थिति में बाघ को उकसाने या उसके पास जाकर फोटो वीडियो बनाने का प्रयास न करें। बाघ या अन्य वन्यजीव दिखने पर तत्काल वन विभाग की टीम को सूचित करें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button