बाइकों की आमने-सामने की टक्कर : हादसे में चार लोग घायल , तीन की स्थिति गंभीर

सागर lखिमलासा में नारायणी मंदिर के सामने दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की स्थिति गंभीर है।
घटना शाम 7 बजे की है, जब ईसुरवारा के तीन युवक- दीपेश साहू (18), अनिकेत राय (23) और सचिन साहू (22) एक दष्टोन कार्यक्रम में शामिल होने खिमलासा नईबस्ती आए थे। शाम को तीनों एक बाइक पर सवार होकर खिमलासा बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नारायणी मंदिर के सामने सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
इस हादसे में दोनों बाइक के सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। डायल 100 की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को बीना सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर पल्लवी यादव ने घायलों का प्राथमिक इलाज किया। दीपेश साहू, सचिन साहू और दूसरी बाइक के सवार युवक की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सागर रेफर कर दिया गया है।







