मध्य प्रदेशराज्य

 प्रेम का ऐतिहासिक मामला: पति ने खुद पत्नी को प्रेमी के साथ किया विदा…

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के केवलारी थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने की अनुमति देकर सामाजिक रूप से अलग मिसाल पेश की है। यह मामला प्रेम, विश्वास और यथार्थ के बीच संतुलन का एक संवेदनशील उदाहरण बन गया है।
जानकारी के अनुसार, केवलारी क्षेत्र के एक गांव में युवक का विवाह अप्रैल 2024 में हुआ था। शादी के शुरुआती कुछ महीनों तक दांपत्य जीवन सामान्य रूप से चलता रहा, लेकिन करीब छह माह बाद पत्नी की नजदीकियां गांव के ही एक युवक से बढ़ने लगीं। पति के अनुसार पत्नी लंबे समय तक फोन पर बातचीत करती थी और दोनों के बीच मुलाकातों का सिलसिला भी जारी था। इस बात को लेकर पति ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
बताया गया कि 17 अप्रैल को महिला घर छोड़कर चली गई और सीधे केवलारी थाने पहुंचकर आवेदन दिया। आवेदन में महिला ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह दूसरे युवक से प्रेम करती है और उसी के साथ अपना जीवन बिताना चाहती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और तीनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराई।
थाना प्रभारी प्रीतम सिंह तिलगाम के नेतृत्व में सुलह-समझौते का प्रयास किया गया। इस दौरान दोनों पक्षों के परिजन और समाज के वरिष्ठ लोगों ने भी महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने निर्णय पर अडिग रही। अंततः लंबे विचार-विमर्श के बाद यह स्पष्ट हो गया कि महिला और उसका प्रेमी अपने फैसले से पीछे नहीं हटेंगे।
इसके बाद पति ने यथार्थ को स्वीकार करते हुए थाने में लिखित सहमति दी कि वह अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने की अनुमति देता है। वहीं, प्रेमी ने भी लिखित रूप से आश्वासन दिया कि वह महिला को पत्नी के रूप में स्वीकार करेगा और उसकी जिम्मेदारी निभाएगा। पुलिस ने तीनों को न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत तलाक और पुनर्विवाह की सलाह दी है।
यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और समाज में रिश्तों की बदलती परिभाषा पर सवाल भी खड़े कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button