पेंशन के पैसों के लिए बुजुर्ग मां से मारपीट, घर से निकाला चार बेटों पर केस दर्ज, शराब की लत और भरण पोषण को लेकर विवाद का आरोप

पेंशन के पैसों के लिए बुजुर्ग मां से मारपीट, घर से निकाला
चार बेटों पर केस दर्ज, शराब की लत और भरण पोषण को लेकर विवाद का आरोप
भोपाल, यश भारत। इंटखेड़ी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में बुजुर्ग मां के साथ मारपीट कर उसे घर से बाहर निकालने का मामला सामने आया है। 65 वर्षीय महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके चार बेटों के खिलाफ मारपीट और भरण पोषण से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मुरली बाई सिलावट पति स्वर्गीय तुलसीराम सिलावट गांव जगदीशपुर में रहती हैं। उनके पति का करीब 34 साल पहले निधन हो चुका है। महिला के चार बेटे रवि प्रकाश, राधेश्याम, चेन सिंह और लक्ष्मीनारायण सिलावट हैं। महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसे वृद्धावस्था पेंशन मिलती है, जिसे उसके बेटे मांगते थे। बेटों को शराब पीने की लत होने के कारण वे पेंशन के पैसे लेने का दबाव बनाते थे। महिला के अनुसार, जब वह बेटों से अपने भरण-पोषण और देखभाल की बात कहती थी तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। आरोप है कि बेटों ने उसे घर से भी बाहर निकाल दिया। बुजुर्ग महिला की स्थिति देखकर उसके भतीजे सुरेश यादव ने मामले की जानकारी ली और शिकायत पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों बेटों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







