पूरी रात गुंडे बदमाशों की धरपकड़ : लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस एक्शन मोड पर

कटनी, यशभारत। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस एक्शन मोड पर है। 19 अपै्रल को शहडोल लोकसभा के अंतर्गत जिले की बड़वारा विधानसभा सीट पर होने जा रहे मतदान को लेकर पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। क्षेत्र के सभी संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर पैनी नजर रखी जा रही है। एसपी अभिजीत कुमार रंजन ने पुलिस अमले को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जिले में अपराध व अपराधियों पर नियंत्रण हेतु पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के निर्देशन में जिले के चारों अनुविभागीय अधिकारी के नेतृत्व में 13-14 अप्रैल की दरमियानी रात से सुबह तक संबंधित क्षेत्र के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों व थाना प्रभारियों के साथ पुलिस फोर्स ने सभी थाना क्षेत्रों में गुंडे बदमाशों असामाजिक तत्व पर निगरानी एवं धरपकड़ के लिए कॉम्बिंग गश्त की गई।
जिसके अंतर्गत विभिन्न प्रकरणों में वांछित कुल 79 से ज्यादा वारंटों को तामील कराया गया, जिसमें लंबे समय से फरार 38, स्थाई वारंट 41 गिरफ्तारी वारंट और अन्य जमानती वारंट तथा कई समंस तामील भी किए। इस दौरान अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए अवैध शराब के 54 प्रकरण तथा अवैध हथियार के साथ घूमते हुए मिलने पर 2 प्रकरण पंजीबद्ध कर बदमाशों के विरूद्ध की वैधानिक कार्यवाही की गई है, वहीं अवैध मादक पदार्थों का सेवन करने वाले एवं सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के भी प्रकरण पंजीबद्ध कर असामाजिक तत्वों पर कार्यवाही की गई। जुआ एक्ट के तहत 4 प्रकरण पंजीकृत किए गए। आदतन बदमाशों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए धारा 110 में 29 व 151 में 6, 122 में 10 तथा 107-116 में 119 इस प्रकार कुल 164 बदमाशों, असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, समंस तामील की गई। इस दौरान क्षेत्र के अपराधिक प्रवृत्ति के गुंडेध्बदमाशों, नकबजनों एवं निगरानी शुदा बदमाशों सहित कई चाकूबाजो और जिला बदर बदमाशों सहित करीब 74 से ज्यादा को चेक किया गया। इस दौरान चेक किये व पकड़े गए बदमाशों को अपराध ना करने की हिदायत दी गई।







