पानी की बाल्टी बनी मौत का कारण : डेढ़ वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत
घर के आंगन में खेलते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम

सतना/मैहर, यश भारत। रामनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर के आंगन में खेल रही डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं मोहल्ले के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।
जानकारी के अनुसार रामनगर के वार्ड क्रमांक-4 स्थित आईटीआई के समीप रहने वाले संजय कोल की सबसे छोटी पुत्री काव्या कोल (डेढ़ वर्ष) घर में खेल रही थी। परिवार में काव्या सहित तीन बेटियां हैं। बताया गया कि उस समय उसकी दोनों बड़ी बहनें घर के बाहर पानी लेने गई हुई थीं, जबकि काव्या आंगन में अकेली खेल रही थी।
इसी दौरान खेलते-खेलते वह पानी से भरी बाल्टी के पास पहुंच गई। आशंका है कि बाल्टी में झांकने या सहारा लेने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे बाल्टी में गिर गई। उम्र कम होने के कारण वह स्वयं बाहर नहीं निकल सकी और पानी में डूब गई।
कुछ समय बाद परिजनों की नजर बाल्टी में पड़ी तो काव्या को बाहर निकाला गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की आवश्यकता को उजागर किया है। घरों में रखे पानी के खुले बर्तनों और बाल्टियों से भी छोटे बच्चों के लिए गंभीर खतरा हो सकता है।







