पर्व पर मातम : बिछिया नदी में बहा 12 वर्षीय मासूम, बेलन नदी में भी युवक लापता; रेस्क्यू जारी

रीवाl मध्यप्रदेश के रीवा जिले में नागपंचमी के पावन पर्व पर दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में दो युवक नदियों के तेज बहाव में बह गए। पहली घटना गुढ़ थाना क्षेत्र की बिछिया नदी में हुई, जबकि दूसरा हादसा चाकघाट क्षेत्र की बेलन नदी में सामने आया। दोनों ही मामलों में स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम लापता की तलाश में जुटी हुई है।
गुढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम इटार में नागपंचमी की पूजा-अर्चना के बाद 12 वर्षीय शिवा रावत बिछिया नदी के किनारे गया था। इस दौरान अचानक पैर फिसलने या गहरे पानी में जाने के कारण वह तेज बहाव में बह गया।
वहीं दूसरी घटना चाकघाट थाना क्षेत्र की है, जहाँ बेलन नदी में नहाने पहुंचे दो युवकों में से साहिल नाम का युवक गहरे पानी में समा गया और लापता हो गया। उसके साथी ने किसी तरह खुद को बचाया और घटना की सूचना दी।
प्रशासन का सर्च ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ (SDRF) की मदद से दोनों नदियों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। त्योहार के दिन हुए इन हादसों से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।







