पंजाब रिजल्ट :अमृतसर ईस्ट से सिद्धू पीछे; कांग्रेस 10 सीटों पर आगे; AAP को 11 सीटों पर बढ़त

किसान आंदोलन का केंद्र रहे पंजाब समेत 5 राज्यों में सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है। शुरुआती रुझान में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। कांग्रेस 10 सीटों पर आगे है, वहीं AAP ने 11 सीटों पर बढ़त हासिल की है। अकाली दल को दो सीटों पर बढ़त हासिल हुई है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जा रही है।
काउंटिंग अपडेट्स..
- पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब में गुरुद्वारा श्री कतलगढ़ साहिब में माथा टेकने पहुंचे। हालांकि, चन्नी ने यहां मीडिया से कोई चर्चा नहीं की। चन्नी चमकौर साहिब से ही मैदान में हैं।
- आम आदमी पार्टी के CM कैंडिडेट भगवंत मान ने संगरूर के गुरुद्वारा साहिब में माथा टेका। खास बात यह है कि मान के घर सुबह से जलेबियां बननी शुरू हो गई हैं और उनके घर को भी सजाया जा रहा है।
- शुरुआती रुझान में अमृतसर ईस्ट सीट से पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू पीछे चल रहे हैं।
पंजाब में इस बार हंग असेंबली के आसार
पंजाब में 20 फरवरी को 117 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई थी। बहुमत के लिए 59 सीटों की जरूरत है। बीते सालों में यहां अकाली दल और कांग्रेस का दबदबा दिखा है, लेकिन बीजेपी-अकाली गठबंधन में टूट और अमरिंदर सिंह के कांग्रेस से अलग होने से इस बार समीकरण बदल गए हैं।
इधर, दैनिक भास्कर का एग्जिट पोल्स पंजाब में उलटफेर की ओर इशारा कर रहा है। राज्य में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत मिलता नहीं दिख रहा। यहां 53 साल पहले यानी 1969 में आखिरी बार त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनी थी जब 104 सदस्यों वाली विधानसभा में अकाली दल ने 43 और कांग्रेस ने 38 सीटें जीती थीं, जबकि 4 सीटें निर्दलीय और 17 अन्य पार्टियों के खाते में गई थीं।







