मध्य प्रदेशराज्य

नेशनल हाईवे-44 पर बैटरियों से भरे ट्रक में भीषण आग : क्षेत्र में हड़कंप 

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के नेशनल हाईवे-44 पर कुरई थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब इलेक्ट्रिक वाहनों में उपयोग होने वाली बैटरियों से भरे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कुरई पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। समय रहते आग पर काबू पा लेने से पास स्थित पेट्रोल पंप तक आग नहीं पहुंची और एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार वाहन क्रमांक UP-16 QT-3397 चेन्नई से नोएडा की ओर जा रहा था। ट्रक चालक राम सिंह यादव (43) निवासी ग्राम औरैया, थाना पट्टी, जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) मोहगांव में सड़क किनारे वाहन खड़ा कर भोजन करने गया था। इसी दौरान ट्रक में अचानक आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास भी किया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कृपाल साह तेकाम पुलिस बल एवं डायल-112 के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं सिवनी से दो फायर ब्रिगेड वाहनों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग बुझने के बाद भी ट्रक में रखी इलेक्ट्रिक कारों में उपयोग होने वाली आठ बैटरियों की प्लेटें अत्यधिक गर्म बनी रहीं, जिससे बार-बार धुआं और छोटी-छोटी लपटें उठती रहीं। इसके चलते पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम देर रात तक मौके पर निगरानी करती रही, ताकि दोबारा आग न भड़क सके।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि लिथियम आधारित बैटरियों में आग लगने की स्थिति सामान्य आग की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण होती है, क्योंकि इनके दोबारा सुलगने की आशंका बनी रहती है। यही कारण रहा कि दमकल कर्मियों ने विशेष सावधानी बरतते हुए लंबे समय तक कूलिंग की प्रक्रिया जारी रखी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और समय पर किए गए बचाव कार्य से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button