मध्य प्रदेशराज्य

नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा: सरिया लदा ट्रक नहर में गिरा : 3 की मौत

सतना , यश भारत ।जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। नेशनल हाईवे-39 पर नेमुआ मोड़ के पास सरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में ट्रक चालक, क्लीनर और एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।

 

घटना की सूचना राहगीरों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

 

ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और तीनों शव उसके अंदर फंसे हुए थे। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कर दो शव बाहर निकाले, जबकि तीसरे शव को निकालने के लिए कटर मशीन का सहारा लेना पड़ा। पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब 4 घंटे का समय लगा।

 

दो मृतकों की पहचान, एक अज्ञात

पुलिस के अनुसार मृतकों में से दो की पहचान हो चुकी है। इनमें मैहर जिले के ग्राम पडरी निवासी दिलीप केवट और रामगढ़ निवासी विष्णु केवट शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, जिसकी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

 

मौके पर उमड़ी भीड़, यातायात बाधित

हादसे की खबर मिलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और तहसीलदार सुजीत नागेश भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

 

बाद में पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और यातायात को सुचारू कराया।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button