धान की रोपाई बन गई विरोध का हथियार! : सितपुरा-छिंदा मार्ग की दुर्दशा पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन

(सतना)।रविवार को सतना जिले की रैगांव विधानसभा में सोहावल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने एक बेहद अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराते हुए राज्य सरकार और प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया। क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने **सितपुरा-छिंदा मार्ग पर बने गड्ढों में धान की रोपाई** कर विरोध जताया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह विरोध प्रदर्शन सरकार को झकझोरने और जनता की पीड़ा उजागर करने के उद्देश्य से किया गया। प्रदर्शन में **मप्र कांग्रेस कमेटी के सचिव राजभान सिंह राज**, **महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष गीता सिंह**, तथा **सोहावल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह** सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सड़क या खेत?
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सितपुरा-छिंदा मार्ग की हालत इतने बुरे हाल में है कि बरसात के बाद सड़क का अस्तित्व ही मिट चुका है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, कीचड़ और जलभराव से लोग परेशान हैं। यही वजह रही कि सड़क की जगह अब खेत जैसा नजारा देखने को मिला।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि **पिछले पांच वर्षों से इस मार्ग की स्थिति दयनीय बनी हुई है**, लेकिन इसके सुधार के लिए कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया। **विधायक और जिला प्रशासन दोनों ही जनता की समस्याओं से बेखबर** हैं।
कांग्रेस ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सड़क मरम्मत का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। नेताओं ने कहा कि यह सिर्फ प्रतीकात्मक विरोध था, लेकिन अगला कदम जन आंदोलन का रूप ले सकता है।







