दर्दनाक हादसा: कच्चे मकान के निर्माण के दौरान गिरी दीवार, मलबे में दबने से मां की मौत, बेटा बहू बाल बाल बचे

रीवा |रीवा के सगरा थाना क्षेत्र के मनकहरी गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कच्चा मकान निर्माण के दौरान दीवार ढहने से करीब 55 वर्षीय महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे में महिला का बेटा और बहू बाल-बाल बच गए।

बताया जा रहा है कि मनकहरी गांव में कच्चे मकान का काम चल रहा था। इसी दौरान पटिया खिसकने से अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के समय करीब 55 वर्षीय सविता चतुर्वेदी समेत परिवार के लोग मौके पर मौजूद थे। दीवार गिरते ही बेटा और बहू किसी तरह बाहर निकल गए, जबकि सविता मलबे में ही दबी रह गईं।
महिला का पैर फिसलने के कारण वह मलबे में दब गई थीं। उन्हें बाहर निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा। बेटे और बहू ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
सूचना मिलते ही सगरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।







