मध्य प्रदेशराज्य

तीन पीढियों की आत्महत्या मामले में नया खुलासा : अवैध प्रेम संबंध बनाए रखने के दबाव तथा बदनामी के डर ने ली खुरई में तीन पीढियों की जान 

 सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के खुरई थाना अंतर्गत गत दिनों तीन पीढियों द्वारा की गई आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस द्वारा शुरू की गई मामले की जांच में मृतक की पत्नी के साथ रिश्ते के देवर के अवैध संबंध की बात सामने आई है। जबकि पहले संपत्ति के बंटवारे के विवाद की संभावना व्यक्त की गई थी। लेकिन पुलिस द्वारा की जा रही जांच में उक्त नए तथ्य उभर कर आए हैं।

घटना के संबंध में जो नई जानकारी आई है उसके अनुसार मृतक मनोहर लोधी के गांव में ही रहने वाले रिश्ते के भाई सुरेन्द्र लोधी व मृतक की पत्नी के बीच 6 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसकी जानकारी मृतक की बेटी को लग गई थी और उसने अपने पिता को इस संबंध में बताया था। जिस पर मृतक मनोहर ने सुरेंद्र लोधी को बुलाकर भविष्य में दूर रहने की हिदायत दी थी। परंतु सुरेन्द्र लोधी द्वारा उक्त अवैध संबंध को गांव में उजागर कर बदनाम करने की धमकी देते हुए संबंध जारी रखने के लिए दबाव बनाया था। जिससे उनके बीच तीखी बहस भी हुई थी। इस घटना से मृतक और उसकी मां व बच्चे खुद को शर्मिंदा महसूस कर रहे थे। इसी बीच मृतक मनोहर ने अपनी पत्नी को कुछ दिन के लिए मायके भेज दिया था और गांव में बदनामी डर व शर्मिंदगी के चलते चारों ने ही सलफास खा कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

खुरई थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह दांगी ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो की बताया कि मामले की जांच में मृतक की पत्नी तथा उसके भाई ने उक्त बातों को स्वीकार करते हुए अपने कथन रिकॉर्ड कराए हैं। रिकॉर्ड किए गए कथनों के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र को तलब किया है लेकिन वह कहीं बाहर होने के कारण उपस्थित नहीं हुआ है। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट तथा सुरेन्द्र के कथन होने के बाद मामले में आगे कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button