ठरका के जंगल में आबाद था जुआ फड़, स्लीमनाबाद के जुआ फड़ पर कब होगी कार्रवाई, निवार पुलिस ने मारा छापा, 5 जुआरी गिरफ्तार, बाइक-मोबाइल समेत डेढ़ लाख का सामान जब्त

कटनी, यशभारत। निवार पुलिस ने ठरका के जंगल में चल रहे जुआ फड़ में दबश देकर 5 जुआडिय़ों को हिरासत में लिया है और बाइक मोबाइल समेत लगभग डेढ़ लाख का सामान जब्त किया है। निवार पुलिस चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा ने बताया कि 15 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ठरका के जंगल में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की और पांच जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सुनील चतुर्वेदी निवासी पिपरिया, राकेश निषाद निवासी माधवनगर, पिंटू यादव निवासी सिंघनपुरी, शेख शाहिद निवासी सिंघनपुरी एवं राजेश कुशवाहा निवासी सिमरा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन एवं नगदी सहित 1 लाख 43 हजार 400 रुपये का मसरूका बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान फड़ संचालक रहीश उर्फ शेख जान मोहम्मद निवासी पिपरिया, कमल नामदेव निवासी देवरीहटाई एवं विजय राय निवासी देवरीहटाई मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्र, उपनिरीक्षक राजेश कोरी, प्रधान आरक्षक मनीष, आरक्षक देवेश कुमार, गौरव सेन एवं वकील यादव की विशेष भूमिका रही।
सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो वायरल
स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में एक बार फिर बड़े पैमाने पर जुआ फड़ संचालित होने के आरोप सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए, जिनमें बड़ी संख्या में लोग खुले मैदान में ताश के पत्तों पर हजारों और लाखों रुपये का दांव लगाते दिखाई दे रहे। वायरल तस्वीरों ने पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वायरल तस्वीरें स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही हैं। तस्वीरों में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी और खुलेआम जुआ खेलने के दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि इतने बड़े स्तर पर जुआ फड़ संचालित हो रहा था तो इसकी जानकारी पुलिस तक क्यों नहीं पहुंची।
पंचायत सचिव पर लगे फड़ संचालन के आरोप
मामले में ग्रामीणों ने पंचायत सचिव पर जुआ फड़ के संचालन में संलिप्त होने के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि वायरल तस्वीरों में सचिव भी दिखाई दे रहें हैं और वे जुआ खेलने के साथ ही इसके संचालन में भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि सचिव ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी सुदेश सुमन ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। सोशल मीडिया पर वायरल फोटो और वीडियो की जांच की जा रही है। तस्वीरों में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि जुआ फड़ किस स्थान पर संचालित हो रहा था।







