जिन्सी रोड पर गड्ढों का राज, हर दिन खतरे के बीच सफर करने को मजबूर लोग बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, वाहन चालक बोले- टैक्स पूरा देते हैं, फिर भी नहीं मिल रहीं बेहतर सड़कें
Potholes plague Jinsi Road; commuters forced to travel amidst danger daily Rain exacerbates woes; motorists say they pay full taxes yet lack decent roads

जिन्सी रोड पर गड्ढों का राज, हर दिन खतरे के बीच सफर करने को मजबूर लोग
बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, वाहन चालक बोले- टैक्स पूरा देते हैं, फिर भी नहीं मिल रहीं बेहतर सड़कें
भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल का व्यस्त जिन्सी रोड इन दिनों बदहाल सड़कों और गहरे गड्ढों के कारण चर्चा में है। कई दिनों से सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे लोगों की परेशानी का कारण बने हुए हैं लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया है। बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। ऐसे में वाहन चालकों के लिए यह समझ पाना मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
जिन्सी रोड राजधानी के प्रमुख मार्गों में शामिल है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों दोपहिया चारपहिया और मालवाहक वाहन गुजरते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र छात्राएं सरकारी कर्मचारी व्यापारी और स्थानीय नागरिक भी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। बावजूद इसके सड़क की हालत लंबे समय से बदहाल बनी हुई है।
यश भारत की टीम ने मौके पर पहुंचकर ऑटो दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों से बातचीत की। वाहन चालकों ने बताया कि गड्ढों के कारण रोजाना जाम वाहन क्षतिग्रस्त होने और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उनका कहना था कि सरकार और नगर निगम जनता से नियमित रूप से टैक्स वसूलते हैं लेकिन बदले में सुरक्षित और अच्छी सड़कें उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि जब नागरिक अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं तो सड़क सुधार की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के मौसम में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई करते हुए जिन्सी रोड को गड्ढामुक्त बनाने की मांग की है, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।







