
इंदौर के तेजाजी नगर में एक मकान मालिक और उसके तीन साथियों ने मिलकर किराएदार छात्र के प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डाल दिया। इससे पहले चारों ने उसे जमकर पीटा भी था और उसका मोबाइल भी छीन लिया। छात्र की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मकान मालिक को शक था कि छात्र ने हाल ही में जो लैपटाप लिया है, वह उसके 9 साल के बेटे के दिए 50 हजार रुपए से खरीदा है। जबकि छात्र को लैपटाप उसके परिजन ने दिलवाया था।
तेजाजी नगर पुलिस ने बताया कि 22 वर्षीय पीड़ित छात्र अपनी दो बहनों के साथ नाजिम के मकान में किराए से रहता है। नाजिम के 9 वर्षीय बेटे ने पिछले दिनों 50 हजार रुपए खर्च कर दिए थे। पिता द्वारा पूछे जाने पर उसने घर में किराये से रह रहे छात्र को तीन बार में 50 हजार रुपए देने की बात कही। इसी वजह से मकान मालिक शनिवार को बकरा खरीदने के बहाने छात्र को पड़ोसी एवं रिश्तेदार आदिल की एक्टिवा से नायता मुंडला ले गया। जहां एक अज्ञात व्यक्ति से बकरा खरीदने की बात की। साथ ही बकरा छत पर बंधा होना बताकर मकान की छत पर बने रूम में ले गए। यहां नाजिम, आदिल, सलमान व उनके एक साथी ने उसकी पिटाई कर दी।







