कटनी

खाद की कालाबाजारी रोकने प्रशासन एक्टिव, कुंवरपुर में छापेमारी, घर के दो कमरे और दुकान सील

पवई, यशभारत। खरीफ सीजन में यूरिया खाद की कालाबाजारी और अवैध भंडारण की शिकायतों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। शुक्रवार को मंडी के बाहर 52 बोरी यूरिया से भरी पिकअप, रेंजबरिया में 50 बोरी यूरिया से भरी दूसरी पिकअप तथा एक दुकान से 60 बोरी यूरिया के मामले में कार्रवाई के बाद शनिवार को भी प्रशासनिक अमला सक्रिय रहा। शनिवार को टीम ने ग्राम कुंवरपुर पहुंचकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नीरज राय के घर के दो कमरों और दुकान को सील कर दिया गया।शनिवार को एसडीएम समीक्षा जैन के नेतृत्व में फूड इंस्पेक्टर प्रदीप त्रिपाठी, सिमरिया तहसीलदार सुमित तिवारी और सिमरिया पुलिस की टीम कुंवरपुर पहुंची। टीम ने शुक्रवार को मंडी के बाहर पकड़ी गई यूरिया खाद से भरी पिकअप के संबंध में जांच आगे बढ़ाई। बताया गया कि उक्त पिकअप नीरज राय के नाम से जुड़ी है। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने नीरज राय के घर और दुकान पर पहुंचकर खाद के भंडारण एवं उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच की।
जांच दल को अंदर जाने से रोका
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को 52 बोरी यूरिया से भरी पिकअप पकड़े जाने के बाद शनिवार को जब जांच दल नीरज राय के घर और दुकान पर पहुंचा, तो नीरज राय और उनके परिजनों द्वारा जांच दल को घर एवं दुकान के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसके बाद प्रशासनिक अमला पुलिस बल के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा। टीम ने कार्रवाई करते हुए घर के दो कमरों और दुकान को सील कर दिया।
रात 8 बजे तक होती रही जांच
कुंवरपुर में शनिवार को प्रशासन की कार्रवाई शाम करीब 5 बजे शुरू हुई, जो रात करीब 8 बजे तक चली। करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान टीम ने खाद के भंडारणए पिकअप में मिली यूरिया खाद, उसके परिवहन और संबंधित दस्तावेजों समेत अन्य बिंदुओं की जांच की। कार्रवाई पूरी होने के बाद संबंधित स्थानों को सील कर दिया गया।
जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
गौरतलब है कि शुक्रवार को मंडी के बाहर 52 बोरी, रेंजबरिया में 50 बोरी यूरिया से भरी दूसरी पिकअप तथा एक दुकान से 60 बोरी यूरिया के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई की थी। लगातार मिल रही खाद की कालाबाजारी की शिकायतों के बीच एसडीएम समीक्षा जैन ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही खाद के भंडारण, परिवहन और संभावित कालाबाजारी से जुड़े पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button