खदान में डूबने से मां-बेटी की मौत, जिले में पिछले 24 घंटे में अलग-अलग घटनाओं में 9 लोगों की मौतें

कटनी, यशभारत। जिले में पिछले चौबीस घंटे में अलग-अलग घटनाओं में आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौतें हुई है। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक बाकल थाना क्षेत्र के अंतर्गत सडक़ हादसे और डूबने से 5 लोगों मौतें हो गई। जानकारी के मुताबिक ग्राम सांडा में एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां श्मशान घाट के पास पानी की खदानों में डूबने से 12 वर्षीय बच्ची माही यादव और उसकी मां अनुतिया बाई 40 वर्ष की मृत्यु हो गई। कुम्हरवारा नहर पुलिया ढेरा फाटक के पास हुए सडक़ हादसे में ग्राम छुरिया निवासी दो युवकों सौरभ सिंह पटेल 22 वर्ष और आशीष पटेल 25 वर्ष की जान चली गई। इसी तरह ग्राम खमतरा में ट्रांसफार्मर के पास हुए एक अन्य हादसे में मोहन चौधरी 33 वर्ष निवासी पिपरिया की इलाज के दौरान मौत हो गई। पानी में डूबने से मां-बेटी की मौत हो गई।
किटहा नाला के पास सडक़ दुर्घटना
बहोरीबंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुआं के पास संजय निकुंज नर्सरी के समीप देर रात एक सडक़ हादसा हुआ। इस दुर्घटना में ग्राम चनपुरा निवासी रिखीराम उर्फ वासु पटेल 32 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रात करीब 2.30 बजे की बताई जा रही है। इसी तरह उमरियापान थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मंगेली में राकेश सिंह गौड़ 32 वर्ष ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। एक अन्य घटना में विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसवाही में 45 वर्षीय संतराम साहू ने अपने ही खेत में फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही की है।
अस्पताल लाते समय युवती की मौत
बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम कांटी की रहने वाली 20 वर्षीय युवती सोमवती बर्मन को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मर्ग कायम कर मौत के सटीक कारणों का पता लगा रही है।







