देश

कोलकाता एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान पर गिरी बिजली, अगरतला जाने वाले यात्रियों को सुरक्षित निकालकर दूसरे विमान से किया रवाना

कोलकाता (एजेंसी)। कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को खराब मौसम के बीच एक अप्रत्याशित घटना सामने आई। अगरतला के लिए रवाना होने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट पर आंधी-तूफान के दौरान बिजली गिर गई, जिससे कुछ समय के लिए हवाई अड्डे पर हलचल मच गई।
भारतीय विमानन प्राधिकरण (एएआई) के अधिकारियों के अनुसार, विमान एयरोब्रिज से जुड़ा हुआ था और उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान तेज बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की घटना हुई। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर एयरपोर्ट प्रशासन पहले से ही सतर्क था।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान में मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं पहुंची और सभी को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
एयरलाइन ने यात्रियों की यात्रा प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की। बाद में सभी यात्रियों को दूसरे विमान से अगरतला के लिए रवाना किया गया। इस दौरान एयरलाइन और एयरपोर्ट स्टाफ ने यात्रियों की सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाए।
इंडिगो की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि घटना के दौरान दो ग्राउंड स्टाफ मामूली रूप से प्रभावित हुए थे। उन्हें प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य पाई गई।
उधर, शुक्रवार सुबह से कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश और आंधी-तूफान का असर देखने को मिला। खराब मौसम के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही, जबकि यातायात और हवाई सेवाओं पर भी इसका असर पड़ा। हालांकि, समय रहते उठाए गए सुरक्षा कदमों के चलते किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button