किराए के मकान में मिली बाप बेटे की लाश, आर्थिक कारणों के चलते आत्महत्या की आशंका, माधवनगर के संजयनगर क्षेत्र की घटना, शव मिलने से क्षेत्र में खलबली

कटनी, यशभारत। माधव नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत संजयनगर में आज एक ही मकान के अंदर पिता पुत्र की एक साथ लाश पाई गई। कमरे से उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों को किसी घटना की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना माधव नगर पुलिस को दी पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा खोल कर देखा तो वहां पर बाप बेटे मृत अवस्था में पड़े थे। घटना के कारण पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई। घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए पुलिस ने अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ संतोष डेहरिया ने यश भारत को बताया कि प्रथमदृष्टया यह मामला आत्महत्या समझ में आ रहा है। घर के अंदर से जहर की डिब्बी मिली है। सम्भवतः आर्थिक कारणों को लेकर पिता और पुत्र ने जहरीली वस्तु का सेवन करते हुए आत्महत्या की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि ग्राम अमरोली बैढ़न जिला सिंगरौली निवासी 62 वर्षीय विनय कुमार राय पिता राजनारायण राय शिक्षक है। वे डीएवी एसीसी स्कूल से सेवानिवृत्त हैं।
पिछले कुछ दिनों से बीमार रह रहे थे। उनका पुत्र 28 वर्षीय आनंद कुमार राय ऐसीसी फैक्ट्री में कार्यरत था। दोनों पिता पुत्रों की लाश किराए के मकान में पाई गई है। जिस मकान से पिता पुत्र की लाश मिली, वह मकान बंद था। आसपास जब दुर्गंध फैल गई तो लोगों को आशंका हुई और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल की जांच के दौरान जहरीली दवा की खाली शीशियां भी मिली हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पिता पुत्र कर्ज से परेशान थे। संभावना जताई जा रही है कि बढ़ते कर्ज के कारण ही दोनों ने जहरीली दवा खाकर आत्महत्या की हो।







