कटनी ज़मीन घोटाला: CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया के निलंबन के निर्देश

कटनी, यशभारत । कटनी ज़मीन घोटाला मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। सीएम ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव को आरोपी नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री नेहा पच्चीसिया को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
दूसरी ओर, पुलिस मुख्यालय के कड़े निर्देशों पर आज तड़के प्रशासनिक टीम ने कटनी स्थित सीएसपी कार्यालय को सीज कर दिया है। शासन और पुलिस प्रशासन के इन ताबड़तोड़ ऐक्शन से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इस संबंध में जानकारी साझा की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, दबाव या पद के दुरुपयोग को कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सीएम ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले में पूरी निष्पक्षता से जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य कंहवारा ज़मीन सौदे से जुड़ी केस डायरी, सीएसपी दफ्तर के रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखना है ताकि जांच प्रभावित न हो सके। विभागीय जांच तेज निलंबन के आदेश के साथ-साथ गृह विभाग की ओर से इस मामले में विभागीय जांच और एसआईटी जांच की प्रक्रिया भी तेज़ कर दी गई है।कुठला थाने में सीएसपी नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापत्रे और मारूफ अहमद हनफी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61, 198, 199(b), 308(7) और 318(4) के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।









