ऑपरेशन मुस्कान : अपहृत नाबालिक बालिका को खोजा पुलिस ने, पवई पुलिस को मिली सफलता, 6 महीने से लापता थी किशोरी

पवई, यशभारत। पन्ना पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को ऑपरेशन मुस्कान के अपहृत नाबालिक बालक. बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु निर्देशित किया गया था। इसी तारतम्य में 2 अगस्त को फरियादी द्वारा पवई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी नाबालिक लडक़ी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर ले गया है, जिसकी सूचना पर थाना पवई में अपराध पंजीकृत किया गया था। प्रकरण नाबालिक बालिका से संबंधित होने से पन्ना पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रकरण में गंभीरता से विवेचना करने हेतु निर्देशित किया गया था। अपहर्ता की कोई जानकारी न मिलने पर कार्यालय पुलिस अधीक्षक जिला पन्ना द्वारा जुलाई 2025 में 5 हजार रुपए इनाम राशि की इनाम उद्घोषणा की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती वंदना सिंह, एसडीओपी पवई श्रीमती भावना दांगी के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी पवई सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में अपहर्ता की तलाश पतारसी के लगातार प्रयास किए गए। पुलिस द्वारा किए गए लगातार प्रयासों के परिणाम स्वरूप अपहर्ता को 16 फरवरी को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया है एवं पीडि़ता के परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। बालिका के वापस मिलने पर परिजनों के द्वारा पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया गया है। पन्ना पुलिस अधीक्षक के द्वारा टीम के उत्साह वर्धन हेतु पूर्व में उद्घोषित इनाम राशि को देने की घोषणा की गई है। कार्यवाही में थाना प्रभारी पवई निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार, प्रधान आरक्षक अंजनी तिवारी, प्रधान आरक्षक विनोद कुमार, वाहन चालक आरक्षक मणिराज बागरी, महिला आरक्षक विनीति सिंह की भूमिका रही।







