एकतरफा प्यार में नर्स की हत्या : मौसेरा भाई 4 महीने बाद जबलपुर से गिरफ्तार

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)। सागर जिले के शाहगढ़ में चार महीने पहले हुए सनसनीखेज नर्स हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी को जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने इनाम भी घोषित किया था।
अस्पताल के गेट पर मारी थी गोली
यह खौफनाक वारदात बीती 4 फरवरी 2026 की रात करीब पौने आठ बजे हुई थी, जब शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ 22 वर्षीय नर्स दीपशिखा चढ़ार अपनी नाइट ड्यूटी के लिए कमरे से निकली थीं। अस्पताल के गेट के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपी सुशील आठ्या ने दीपशिखा पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायर कर दिए थे। गोलियां लगने से दीपशिखा की मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका दीपशिखा चढ़ार और आरोपी सुशील आठ्या आपस में मौसेरे भाई-बहन थे और दोनों ने साथ में नर्सिंग की पढ़ाई की थी। दीपशिखा की सरकारी नौकरी लगने के बाद वह शाहगढ़ आ गई, जबकि सुशील बेरोजगार रहा। सुशील लगातार दीपशिखा पर शादी का दबाव बना रहा था। दीपशिखा द्वारा दूरी बनाए जाने पर सुशील को शक हुआ कि वह उसे धोखा दे रही है। इसी एकतरफा प्यार, शादी के दबाव और संदेह की सनक में उसने इस हत्याकांड को अंजाम दे डाला।
जबलपुर में छिपे होने की पुख्ता सूचना मिलते ही सागर पुलिस की विशेष टीम ने घेराबंदी कर आरोपी सुशील को दबोच लिया, जिसे अब न्यायालय में पेश किया जा रहा है।







