मध्य प्रदेशराज्य

उधारी नहीं देने पर किराना दुकान पर हमला: गोलीबारी, मारपीट में दो घायल…20 हथियारबंद बदमाशों का तांडव, पुलिस ने शुरू की तलाश

सतना। शहर के महादेवा मोहल्ले में मंगलवार शाम एक किराना दुकान पर उधारी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शाम करीब 5 बजे हुए इस हमले में हथियारों से लैस 20 बदमाशों ने धावा बोल दिया। इस दौरान कट्टे से फायरिंग की गई और लाठियों से हमला किया गया।

 

इस हमले में प्रेम ठाकुर नामक युवक के पैर में गोली लग गई, जबकि प्रशांत चौधरी को लाठियों से पीट-पीटकर घायल कर दिया गया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फायरिंग और लूट का आरोप, एक दिन पहले भी हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक, हमलावर शुभम पांडे और दीपू उरमालिया अपने 20 साथियों के साथ कट्टे, तलवार, चाकू और डंडों से लैस होकर दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने दुकान मालिक कैलाश पयासी को निशाना बनाकर चार राउंड फायरिंग की, जिसमें तीन गोलियां शटर में लगीं और एक गोली प्रेम ठाकुर को लगी।

 

कैलाश पयासी की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, उन्होंने तुरंत दुकान का शटर गिरा दिया। हमलावरों ने मोहल्ले में दहशत फैलाने की कोशिश भी की।

 

सूत्रों के अनुसार, सोमवार को भी कैलाश पयासी की शुभम पांडे और दीपू से उधारी को लेकर बहस हुई थी। आरोप है कि उस समय भी उन्होंने मारपीट कर दुकान से ₹5000 की नकदी लूट ली थी। इसका वीडियो भी सामने आया है।

तीन टीमें तलाश में, आरोपी फरार

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी शुभम पांडे, दीपू उरमालिया सहित अन्य की तलाश में तीन टीमें गठित की हैं।

 

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मोहल्ले में फिलहाल पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button