आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक की मौत : परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के धूमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोघरी कला में रात में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवा किसान की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घोघरी कला निवासी अभिषेक बंजारा (19 वर्ष) बुधवार रात अपने खेत की ओर गया हुआ था। इसी दौरान क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से अभिषेक उसकी चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने तेज आवाज सुनकर मौके की ओर दौड़ लगाई, जहां अभिषेक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।
परिजनों एवं ग्रामीणों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर फैल गई।
सूचना मिलने पर धूमा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार कराया। गुरुवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर घटना की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में मौसम लगातार बदल रहा है और कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।
प्रशासन ने भी नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम और गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।







