
सिवनी में मंगलवार को हुई मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस ने अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को 9 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा था। बुधवार को पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि सिवनी (मप्र) में बजरंग दल (आरएसएस) के लोगों ने दो आदिवासियों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरएसएस-भाजपा का संविधान व दलित-आदिवासियों से नफरत का एजेंडा, आदिवासियों के प्रति हिंसा को बढ़ावा दे रहा है।
आरोपियों में शेरसिंह राठौर, अजय साहू, वेदांत चौहान, दीपक अवधिया, बंसत रघुवंशी, रघुनंदन रघुवंशी, अंशुल चौरसिया, शिवराज रघुवंशी, रिंकू पाल सहित 5 अन्य आरोपी शामिल हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्याम कुमार मरावी ने बताया कि ये किसी संगठन से हैं या नहीं, अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता। मामले की जांच की जा रही है।
बता दें कि सिवनी में मंगलवार को गोमांस तस्करी के शक में तीन आदिवासियों को लाठियों से जमकर पीटा था। इसमें दो की मौत हो गई थी, वहीं एक युवक गंभीर है। ग्रामीणों ने बजरंग दल से जुड़े लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया था। प्रशासन ने मृतक संपत लाल वट्टी की आश्रित मट्ठो बाई और मृतक धानसाय इनवाती की आश्रित फुलबती इनवाती को 8.25-8.25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।