दमोह। शहर में बिजली विभाग की लापरवाही अब सीधे-सीधे आम जनता की जान पर बन आई है। शहर के कई इलाकों में बिजली के वायर बॉक्स खुले पड़े हैं और डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन प्वाइंट) बिना किसी सुरक्षा के लटकते नजर आ रहे हैं। ये हालात किसी बड़े हादसे को खुला न्योता दे रहे हैं।
हाल ही में सामने आई एक तस्वीर ने विभाग की कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है। बिजली के खंभे पर लगा वायर बॉक्स पूरी तरह से जर्जर और खुला हुआ है, जिसके अंदर पंछियों ने घोंसले बना लिए हैं। यह न केवल विभाग की अनदेखी को दर्शाता है, बल्कि शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसे गंभीर खतरे को भी बढ़ा रहा है। आसपास फैले तारों का जाल किसी भी वक्त चिंगारी बन सकता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह कोई एक जगह की समस्या नहीं है, बल्कि पूरे शहर में ऐसे दर्जनों स्थान हैं जहां खुले वायर बॉक्स और असुरक्षित डीपी लगे हुए हैं। खासकर स्कूलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यह खतरा और भी बढ़ जाता है। बारिश और तेज हवाओं के दौरान करंट फैलने की आशंका बनी रहती है, जिससे कभी भी मासूम लोगों की जान जा सकती है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मेंटेनेंस के नाम पर बिजली विभाग करता क्या है? क्या विभाग किसी बड़ी जनहानि का इंतजार कर रहा है?
नागरिकों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि खुले बॉक्स बंद किए जाएं, डीपी को सुरक्षित किया जाए और तारों को व्यवस्थित कर नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
अगर समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो यह लापरवाही किसी दिन बड़ी त्रासदी में बदल सकती है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी जागते हैं या फिर किसी हादसे के बाद ही कागजी कार्रवाई शुरू होगी।
Back to top button