जबलपुरमध्य प्रदेश

खमरिया में दर्दनाक सड़क हादसा, दिल्ली से लौटे युवक की मिनी ट्रक की चपेट में आने से मौत, दुबई नौकरी के सिलसिले में जाने की तैयारी कर रहा था युवक, बेस्ट लैंड पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा

जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बेस्ट लैंड पेट्रोल पंप के पास बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

रांझी गोकलपुर निवासी था मृतक युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक रांझी थाना क्षेत्र के गोकलपुर का निवासी बताया जा रहा है। युवक किसी निजी काम से दिल्ली गया हुआ था और एक दिन पहले ही जबलपुर लौटा था। बताया जा रहा है कि बुधवार को वह बाइक से किसी काम से निकला था। इसी दौरान खमरिया क्षेत्र में गुरुद्वारे के सामने स्थित गार्डन के पास तेज रफ्तार मिनी ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

दुबई जाने की थी तैयारी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

परिजनों के मुताबिक युवक जल्द ही नौकरी के सिलसिले में दुबई जाने वाला था। वह अपने भविष्य को लेकर काफी उत्साहित था और विदेश जाने की तैयारियों में जुटा हुआ था।लेकिन सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

मिनी ट्रक जब्त, चालक हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही खमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे में शामिल मिनी ट्रक को जब्त कर लिया। वहीं चालक को संदेही के रूप में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है ताकि दुर्घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। खमरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button