भोपालमध्य प्रदेश

दर्द मिटाने के फेर में युवती ने निगली मां की शुगर की गोली, मौत

दर्द मिटाने के फेर में युवती ने निगली मां की शुगर की गोली, मौत

भोपाल, यशभारत। असावधानी के कारण दवाओं का घालमेल एक हंसते-खेलते परिवार के लिए उम्र भर का दर्द दे गया। बैरागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बेटा में अपनी नियमित दवा की जगह गलती से मां की शुगर की गोली खाने से एक 28 वर्षीय युवती की असमय मौत हो गई। मृतका लंबे समय से पेट दर्द और ब्लड प्रेशर की बीमारी से पीड़ित थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बेटा निवासी वंदना मीणा पिता स्वर्गीय महाराज मीणा, सोमवार तड़के जिंदगी की जंग हार गई। परिजनों ने बताया कि रविवार देर रात वंदना को अचानक तेज पेट दर्द उठा था। दर्द से राहत पाने की जल्दबाजी में उसने अपनी नियमित दवाओं के साथ रखी मां की डायबिटीज की हाई-डोज दवा भी खा ली। दवा लेने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत सुधरने की बजाय और ज्यादा बिगड़ने लगी। हालत नाजुक होते देख घबराए परिजन उसे तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान सोमवार तड़के उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना पर बैरागढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हमीदिया अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया। दोपहर बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि दवा के रिएक्शन का स्तर क्या था और मौत की मुख्य वजह क्या रही। मृतका अपने छह भाई-बहनों में से एक थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button