जबलपुर में भाई की पिटाई का बदला लेने युवक की गई थी हत्या: 17 साल का किशोर और एक युवक गिरफ्तार

जबलपुर, यशभारत। माढ़ोतात दीक्षित कॉलोनी श्रीराम डेरी के समीप पुताई करने वाले युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक 17 साल के किशोर और युवक को गिरफ्तार किया है। हत्या की प्रमुख वजह पुराना विवाद सामने आया है। दरअसल मृतक ने कुछ दिन पूर्व एक आरोपी के भाई से मारपीट की थी जिसका बदला लेने के लिए भाई और उसके साथियों ने योजना बनाकर युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी।
मालूम हो कि 10 मार्च की रात थाने में बुंदेला बाबा पुरानी बस्ती निवासी शिवकुमार रैकवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह पीओपी का काम करता है। 9 मार्च शाम लगभग 6-30 बजे वह गुटखा लेने श्रीराम डेरी के सामने दीक्षित कालोनी मोड़ पर आया था। वहां दीक्षित कालोनी मोड़ पर मोहल्ले का रहने वाला सौरभ उर्फ नानची रैकवार एवं नई बस्ती के रहने वाले रामकुमार अहिरवार, सचिन झारिया , एवं एक 17 वर्षिय किशेार सौरभ उर्फ नानची रैकवार के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा कर रहे थे। तभी 17 वर्षिय किशेार एवं सचिन झारिया ने सौरभ उर्फ नानची के हाथ पकड़ लिये और रामकुमार अहिरवार ने चाकू से सौरभ उर्फ नानची की हत्या करने की नियत से हमलाकर पेट एवं दाहिनी जांघ में कई वार कर घायल कर दिया। विवाद को देखकर वह दौड़ा और आवाज लगाई तो तीनों वहां से भाग गये। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आदेशित किये जाने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दक्षिण संजय कुमार अग्रवाल, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय तुषार सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माढेाताल श्रीमति रीना पाण्डे शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
माढ़़ोताल थाना प्रभारी रीना पांडे ने बताया कि 10 मार्च को रात को सूचना प्राप्त हुई कि हत्या के प्रकरण का आरोपी रामकुमार अहिरवार ग्रीनसिटी पुल के पास खड़ा है सूचना पर तत्काल ग्रीनसिटी पुल के पास दबिश दी गयी, जहॉ रामकुमार खड़ा दिखा जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया जिसे घेराबंदी कर पकड़कर थाने लाया गया एवं सघन पूछताछ की गयी।
7 मार्च को भाई के साथ मारपीट की थी मृतक ने
थाना प्रभारी रीना पांडे के अनुसार आरोपी रामकुमार अहिरवार ने बताया कि उसके भाई अभिषेक अहिरवार के साथ सौरभ उर्फ नानची रैकवार ने 7 मार्च को मारपीट किया था जिसके कारण उसने अपने साथी एक 17 वर्षिय किशोर एवं सचिन झारियां के साथ मिलकर सौरभ उर्फ नानची रैकवार को चाकू मारा था तथा उक्त चाकू को अपने घर में छिपा दिया था। आरोपी रामकुमार अहिरवार की निशादेही पर घर में छिपाकर रखा हुआ घटना में प्रयुक्त बटनदार चाईना चाकू जप्त करते हुये साथी 17 वर्षिय अपचारी बालक को अभिरक्षा मे लेते हुये फरार आरोपी सचिन झारिया की तलाश जारी है।







