यशभारत अपडेट, मामा ससुर के 33 चाकू के वार नही झेल पाया भनेज दामाद, घायल युवक की मौत, गोसलपुर-देवरी स्टेशन के बीच मचा हड़कंप
धनबाद-उधना स्पेशल एक्सप्रेस की घटना

जबलपुर यशभारत। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत धनबाद-उधना स्पेशल एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 09040) में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गोसलपुर और देवरी स्टेशन के बीच एक यात्री ने अपने ही रिश्तेदार पर चाकू से हमला कर दिया।हमले में घायल यात्री की इलाज के दौरान मौत हो गई है।
यह है घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम लगभग 6:45 बजे (18:45) ट्रेन के कोच S-4 में दो यात्रियों के बीच कहासुनी हुई जो बाद में झगड़े में बदल गई।
इस दौरान एक यात्री ने अपने रिश्तेदार शैलेंद्र कुमार (निवासी बनखेड़ी, पिपरिया) पर चाकू से हमला कर दिया।हमलावर गोसलपुर और देवरी के बीच ट्रेन में एसीपी कर उतरकर फरार हो गया।
सुरक्षा दल की त्वरित कार्रवाई
अनुरक्षण दल में तैनात आरक्षक पायलट गुर्जर ने घटना की सूचना तुरंत दी। ट्रेन में सुरक्षा पार्टी ने गश्त के दौरान एस-4 कोच में घायल शैलेंद्र कुमार को पेट में गहरी चोट के साथ पाया।
सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत चादर से घाव पर पट्टी बांधकर खून का बहाव रोका और डीएससीआर को सूचना भेजी।सूचना पर जबलपुर पोस्ट से क्यूआरटी को मौके के लिए रवाना किया गया।
गाड़ी को जबलपुर में सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रथम, निरीक्षक जीआरपी, कॉमर्शियल स्टाफ और मेडिकल टीम की मौजूदगी में अटेंड किया गया।
रिश्तेदारी में रंजिश बनी वजह
घायल शैलेंद्र कुमार ने बताया कि वह कोर्ट पेशी अटेंड कर सतना से अपने घर बनखेड़ी लौट रहा था। सफर के दौरान उसका मामा ससुर गोविंद रघुवंशी से विवाद हो गया, जिसके बाद उन्होंने चाकू से हमला कर दिया।दोनों के बीच पूर्व से आपसी रंजिश होने की जानकारी मिली है।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
घायल को जबलपुर स्टेशन पर प्राथमिक उपचार के बाद एम्बुलेंस से विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया, जहाँ से आगे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।डॉक्टरों ने पुष्टि की कि उपचार के दौरान शैलेंद्र कुमार की मौत हो गई। रेल प्रशासन की प्रतिक्रिया
रेल सुरक्षा बल एवं जीआरपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हमलावर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर मंडल की ओर से बताया गया कि घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।






