जबलपुरमध्य प्रदेश

यशभारत एक्सक्लूसिव : रांझी- क्लेरेंस हत्याकांड: बाबा के बाद छिंदवाड़ा से दो और आरोपी गिरफ्तार

24 अप्रैल को रायपुर में ज़मीन विवाद को लेकर थी पेशी,23 को कर दी गई हत्या

जबलपुर, यशभारत। रांझी के बहुचर्चित क्लेरेंस उर्फ राजा हत्याकांड में पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बाबा उर्फ रिंकू नेल्सन से पूछताछ में मिली अहम जानकारी के आधार पर पुलिस ने छिंदवाड़ा से रोहित विश्वकर्मा और चंद्रभान मालवीय उर्फ भानु को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ में हत्या के पीछे जमीन विवाद और सुनियोजित साजिश के अहम पहलू सामने आए हैं।

पुलिस जांच के अनुसार रायपुर स्थित लगभग 15 एकड़ जमीन के मालिक अजय खडाटकर ने उक्त जमीन बेचने का अनुबंध क्लेरेंस उर्फ राजा से किया था, लेकिन बाद में उसी जमीन की रजिस्ट्री रोहित विश्वकर्मा की बहन मीनाक्षी विश्वकर्मा के नाम कर दी गई। इस पर क्लेरेंस ने न्यायालय में स्टे याचिका दायर की थी, जिसकी सुनवाई 24 अप्रैल को प्रस्तावित थी।

जांच में सामने आया है कि सुनवाई से पहले रोहित विश्वकर्मा और चंद्रभान मालवीय ने क्लेरेंस को छिंदवाड़ा बुलाकर स्टे वापस लेने का दबाव बनाया था। हालांकि क्लेरेंस अपने निर्णय पर अडिग रहा और स्टे हटाने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस के मुताबिक जमीन के सौदे में बाबा उर्फ रिंकू नेल्सन भी दलाली कर रहा था और उसे भी आर्थिक लाभ की उम्मीद थी। इसी कारण रोहित और चंद्रभान ने क्लेरेंस को मनाने की जिम्मेदारी बाबा को सौंपी। बाबा ने कई बार प्रयास किए, लेकिन जब क्लेरेंस नहीं माना तो उसने अपने बेटे के साथ मिलकर 23 अप्रैल को दिनदहाड़े गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि इस हत्याकांड में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे षड्यंत्र का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

ये रहा घटनाक्रम

▶ 15 एकड़ जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
▶ 24 अप्रैल को न्यायालय में स्टे याचिका पर सुनवाई तय थी
▶ क्लेरेंस पर स्टे वापस लेने का बनाया जा रहा था दबाव
▶ स्टे नहीं हटाने पर 23 अप्रैल को दिनदहाड़े सिर में गोली मारकर की हत्या
▶ पुलिस के अनुसार सुनवाई से पहले रास्ते से हटाने के लिए रची गई थी पूरी साजिश

WhatsApp Image 2026 07 10 at 13.33.33

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button