यशभारत ब्रेकिंग एएनएम चयनित दो अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

यशभारत ब्रेकिंग
एएनएम चयनित दो अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
भोपाल यशभारत। स्वास्थ्य विभाग में नियुक्ति की मांग को लेकर लंबे समय से धरने पर बैठी चयनित एएनएम महिला अभ्यर्थियों की हालत अब गंभीर होती जा रही है। राजधानी भोपाल के जेपी अस्पताल परिसर में खुले आसमान के नीचे लगातार धरने पर डटी इन महिलाओं में से दो की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं। सूत्रों के अनुसार दोनों महिला अभ्यर्थियों को नजदीकी जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे आम जनता में भी चिंता का माहौल है। मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के ग्रप -5 अंतर्गत चयनित इन एएनएम महिलाओं को उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद अब तक नियमित नियुक्ति नहीं दी गई है। इसी को लेकर वे कई दिनों से धरने पर बैठी हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी या कर्मचारी का अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। महिला अभ्यर्थियों का कहना है कि विभाग की लापरवाही और अनदेखी के कारण उनकी यह हालत हुई है।







