यशभारत ब्रेकिंग – आग की चपेट में आई बेकरी, लाखों की सामग्री जलकर राख
दमकल की मशक्कत से टला बड़ा हादसा

जबलपुर,यशभारत। कोतवाली थाना क्षेत्र के खटीक मोहल्ला स्थित जैन बेकरी में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के साथ मकान के एक हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय घर में मौजूद परिवार के सदस्यों को आसपास के लोगों की सतर्कता और तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह बेकरी से धुआं और आग की लपटें उठती देख क्षेत्रवासियों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा खाद्य सामग्री, फर्नीचर, विद्युत उपकरण और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। आग की चपेट में आने से घर में रखा घरेलू सामान भी नुकसानग्रस्त हुआ है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और दमकल विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।







