आधारताल में किराए के मकान से महिला का संदिग्ध हालत में शव बरामद, देखें वीडियो

आधारताल में किराए के मकान से महिला का संदिग्ध हालत में शव बरामद, देखें वीडियो
जबलपुर, यश भारत। आधारताल थाना क्षेत्र के न्यू कंचनपुर इलाके में एक किराए के मकान से महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी थी कि पिछले एक-दो दिनों से किराए का कमरा बंद है और अंदर से तेज दुर्गंध आ रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां रसोई में महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। शव कुछ हद तक डीकंपोज हो चुका था, हालांकि प्रथम दृष्टया शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए।
पुलिस के अनुसार मृतका के गले में लाल-हरे रंग का दुपट्टा बंधा हुआ था, जिसका एक सिरा पंखे से भी लटकता मिला, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद से मृतका का पति लापता है। बताया जा रहा है कि वह पास की एक चॉकलेट फैक्ट्री में निजी नौकरी करता है और उसे बुधवार सुबह क्षेत्र में देखा गया था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं फरार पति की तलाश भी शुरू कर दी गई है।







