क्या बाहरी नेता के पीछे खड़ी हो जाएगी जबलपुर की सशक्त भाजपाई राजनीति !: अध्यक्ष प्रभात साहू बोले – यह पार्टी का कल्चर नहीं, संघ की भी पैनी नजर
जन्मदिन के बैनर-पोस्टर से चर्चाओं का बाजार गर्म

जबलपुर, यशभारत। क्या भाजपा क्षेत्र से बाहर के किसी नए नेता को जबलपुर की भाजपाई सियासत का चेहरा बना रही है ? महाकौशल के मुख्यालय जबलपुर में पार्टी का नेतृत्व अन्य जिले के किसी नेता के हाथ चला जाएगा। राजनैतिक गलियारों में ये सवाल संस्कारधानी की सड़कों पर एक नेता के जन्मदिन के बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगने के बाद से चर्चाओं में हैं। नगर भाजपा अध्यक्ष प्रभात साहू ने इसे सीधे तौर पर अनुशासनहीनता के दायरे में मानते हुए कहा है कि भाजपा में यह कल्चर नहीं है।
इसकी शिकायत वे हाइकमान से कर रहे हैं। सूत्र बता रहे हैं कि दूसरे जिले की सियासत में इस तरह के दखल पर आरएसएस की पैनी नजर है। संघ अपने स्तर पर इसे संज्ञान में ले रहा है। पीएम मोदी और अमित शाह के जमाने में परिवारवाद और पट्टावाद की संस्कृति को लगभग तिलांजलि दे चुकी भाजपा में एक नेता के जन्मदिन पर जबलपुर में लगा तड़का हैरत में डाल देने वाला है। ये नेता किसी और जिले के हैं, लेकिन उनके जन्मदिन पर जबलपुर की सड़कों पर लगाए गए होर्डिंग में न तो जबलपुर के किसी मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को जगह मिली और न ही पार्टी संगठन के नेताओं के फोटो लगाए गए। एकाध बैनर में जबलपुर के महापौर और एक दो नेताओं के फोटो नजर आ रहे हैं।
