भोपाल में बदलेगा मौसम का मिजाज, दोपहर बाद आंधी-बारिश के आसार

भोपाल में बदलेगा मौसम का मिजाज, दोपहर बाद आंधी-बारिश के आसार
– तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से प्रदेश में सक्रिय हुआ सिस्टम, कई जिलों में बारिश और कुछ जगह ओलावृष्टि की चेतावनी
भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल समेत मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के ऊपरी हिस्से में सक्रिय तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है, जिससे आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया है।
मौसम विभाग के भोपाल केंद्र के अनुसार बुधवार को भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद मौसम बदल सकता है। बादल छाने के साथ तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने दतिया, निवाड़ी, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। वहीं ग्वालियर, भिंड, मुरैना, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर समेत करीब 18 जिलों में अगले 24 घंटे में बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
मंगलवार को भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहा। शिवपुरी, दतिया, धार, पीथमपुर और झाबुआ में तेज बारिश हुई, जबकि रतलाम में धूल भरी हवाएं चलीं। कई जगहों पर तेज आंधी चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 11 अप्रैल के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिसका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है। इसके चलते कई जिलों में तेज आंधी चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
हालांकि मौसम का यह बदलाव ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगा। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से प्रदेश में गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगता है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल आंधी-बारिश के कारण लोगों को कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन महीने के अंत तक तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं।







