भोपालमध्य प्रदेश

एमपी में फिर बदलेगा मौसम: 10 जिलों में बारिश का अलर्ट, मावठे के बाद लौटेगी कड़ाके की ठंड

एमपी में फिर बदलेगा मौसम: 10 जिलों में बारिश का अलर्ट, मावठे के बाद लौटेगी कड़ाके की ठंड

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड से मिली कुछ दिनों की राहत अब खत्म होने वाली है। एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग ने 23 और 24 जनवरी को ग्वालियर और रीवा संभाग सहित करीब 10 जिलों में ‘मावठा’ गिरने यानी हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश के साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने का भी अनुमान है।

इन जिलों में बरसेगा मावठा
मौसम केंद्र के अनुसार, बारिश का असर दो दिनों तक अलग-अलग जिलों में रहेगा:
23 जनवरी: ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड और दतिया।
24 जनवरी: ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में एक साथ दो सिस्टम सक्रिय हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के ऊपर बना हुआ है, जो उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा है। इसके साथ ही एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय है। उत्तर भारत के ऊपर 12.6 किमी की ऊंचाई पर चल रही तेज रफ्तार ‘जेट स्ट्रीम’ हवाएं भी प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही हैं, जिससे नमी और बादलों की स्थिति बनी हुई है।

मंदसौर रहा सबसे ठंडा, रात के पारे में गिरावट
बीती रात प्रदेश में सबसे कम तापमान मंदसौर में 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, इंदौर में पारा लुढ़क कर 8.4 डिग्री पर पहुंच गया। भोपाल में रात का तापमान 9.8 डिग्री रहा। हालांकि, दिन में खिली धूप के कारण फिलहाल अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे दिन की ठंड से राहत मिली है।

जनवरी के अंत में चलेगी शीतलहर
मौसम विभाग का कहना है कि 24 जनवरी को बारिश का सिस्टम गुजरने के बाद उत्तर की ओर से आने वाली बर्फीली हवाओं का रास्ता साफ हो जाएगा। इसके परिणामस्वरूप जनवरी के आखिरी सप्ताह में कड़ाके की ठंड की वापसी होगी। कई जिलों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आएगी और शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button